कन्नप्पा नयनार की प्रेरक कहानी – सच्ची भक्ति का अद्भुत उदाहरण

कन्नप्पा नयनार की प्रेरणादायक कथा

हिन्दू धर्म में ६३ नयनार संतों की महिमा गाई जाती है। इनमें से एक महान भक्त कन्नप्पा नयनार का नाम बहुत श्रद्धा और भक्ति से लिया जाता है। उनकी कहानी यह बताती है कि सच्ची भक्ति ईश्वर को कर्मकांड से कहीं अधिक प्रिय है।

कन्नप्पा कौन थे?

कन्नप्पा का असली नाम थिन्नप्पा था। वे एक शिकारी परिवार में जन्मे थे और जीवनयापन के लिए शिकार करते थे। बचपन से ही उनमें करुणा और निडरता थी। उनका हृदय सरल और निष्कपट था।

भगवान शिव से प्रथम मिलन

एक दिन शिकार की खोज में वे जंगल में घूम रहे थे। वहीं उन्हें एक शिवलिंग दिखा। उन्हें पता नहीं था कि यह शिवलिंग है, परंतु किसी अद्भुत शक्ति ने उन्हें आकर्षित किया। उनके हृदय में शिव के प्रति अपार प्रेम जागा।

भोलेपन से पूजा

कन्नप्पा को पूजा-पाठ की विधियाँ नहीं आती थीं। वे जिस प्रकार से अपने प्रियजनों की सेवा करते थे, उसी तरह शिवलिंग की भी सेवा करने लगे।

शिकार से लाया हुआ मांस वे शिवलिंग पर चढ़ा देते।

भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए उनके पास कुछ नहीं था तो अपने मुँह से पानी भरकर शिवलिंग को अभिषेक कर देते।

कभी अपने पैरों से मिट्टी हटाकर शिवलिंग को साफ करते।

लोगों को यह विधि अटपटी और अपमानजनक लगी, लेकिन भगवान शिव ने उनके भोलेपन और सच्ची श्रद्धा को स्वीकार किया।

परीक्षा का समय

एक दिन मंदिर के पुजारी ने देखा कि शिवलिंग पर मांस और पानी पड़ा है। उन्हें बहुत दुख हुआ। लेकिन उसी रात शिवजी ने उन्हें स्वप्न में कहा –
“यह मेरे परमभक्त कन्नप्पा की भक्ति है, इसे रोकना मत।”

इसके बाद शिवजी ने कन्नप्पा की भक्ति की परीक्षा ली।
एक दिन शिवलिंग की एक आँख से रक्त बहने लगा। जैसे ही कन्नपा ने शिवलिंग की आँख से रक्त बहते हुए देखा तो कन्नप्पा ने तुरंत अपनी आँख उखाड़कर शिवलिंग पर रख दी। रक्त बहना रुक गया।

लेकिन फिर शिवलिंग की दूसरी आँख से रक्त बहने लगा।
कन्नप्पा ने निश्चय किया कि अपनी दूसरी आँख भी चढ़ा देंगे।
वे अपनी दूसरी आँख निकालने ही वाले थे कि उन्होंने सोचा अगर मैं अपनी दूसरी आँख भी निकाल दूंगा तो मुझे पता कैसे चलेगा की दूसरी आँख कहाँ लगाना है तो उन्होंने अपने पैर के आगूँठे को दूसरी आँख पर रख दिया और अपनी दूसरी आँख निकलने लगे। लेकिन तभी भगवान शिव स्वयं प्रकट हो गए।

शिवजी का आशीर्वाद

महादेव ने कन्नप्पा को रोककर कहा –
“वत्स! तुम्हारी भक्ति ने मुझे पूर्ण रूप से प्रसन्न कर दिया है। तुमने अपने प्राणों की आहुति देने में भी संकोच नहीं किया। संसार में तुम्हारा नाम अनंतकाल तक अमर रहेगा।”

इसके बाद भगवान शिव ने उन्हें वरदान दिया कि वे सदा उनके चरणों में स्थान पाएँगे। और उन्हें उनकी आँखों की रौशनी वापस लौटा दी।

संदेश

कन्नप्पा नयनार की कथा हमें यह सिखाती है कि –

भक्ति का मूल्य बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि सच्चे प्रेम और समर्पण में है।

ईश्वर भक्त के हृदय की भावना देखते हैं, न कि उसकी विधि-विधान।

जब मनुष्य ईश्वर को अपना सर्वस्व मानकर समर्पित हो जाता है, तब ईश्वर स्वयं उसके सामने प्रकट हो जाते हैं।

निष्कर्ष

कन्नप्पा नयनार की यह अद्भुत कथा आज भी भक्तों को यह प्रेरणा देती है कि सच्ची श्रद्धा और निष्कपट प्रेम से की गई पूजा ही भगवान तक पहुँचती है।

Leave a Comment